फुटबॉल टूर्नामेंट ग्रामीण युवाओं की छिपी प्रतिभा निखारने का मंच: जानकी यादव

Rupa Kumari | August 31, 2026 | 03:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जयनगर प्रखंड की ग्राम पंचायत गडगी में युवा आदर्श क्लब के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में सरिया, गिरिडीह की दलांगी टीम ने चलकुशा, हजारीबाग की खरगु टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 6-5 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं बरकट्ठा के पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव ने फीता काटकर और फुटबॉल को किक मारकर किया।

पेनाल्टी शूटआउट में हुआ मुकाबले का फैसला

दलांगी और खरगु के बीच खिताबी मुकाबला निर्धारित समय तक बेहद संघर्षपूर्ण रहा और दोनों टीमें कोई निर्णायक गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। पेनाल्टी शूटआउट में दलांगी की टीम ने 6-5 गोल से जीत दर्ज की और प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे खेल आयोजन युवाओं की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और निखारने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने युवा आदर्श क्लब गडगी के आयोजन की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने से ग्रामीण क्षेत्रों में नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

गडगी में स्टेडियम बनवाने का दावा

जानकी यादव ने अपने संबोधन में अपने विधायक कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में इचाक, बरकट्ठा और जयनगर के डंडाडीह में प्रखंड स्तरीय खेल स्टेडियम बनाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गडगी में भी भव्य स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।

यह भी पढ़ें : पलामू में नदी में डूबे 3 दोस्तों में से तीसरे का भी शव बरामद, पिकनिक के दौरान हुआ था हादसा

विजेता और उपविजेता टीम को मिला पुरस्कार

आयोजकों की ओर से विजेता टीम को हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पुरस्कार के रूप में दी गई। वहीं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल से सम्मानित किया गया। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को रेंजर साइकिल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Share this news

संबंधित खबरें