Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया है। तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा इलाके में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद बैंक ऑफ महाराष्ट्र में प्रस्तावित डकैती की साजिश का खुलासा हुआ। कार्रवाई के दौरान चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।
हजारीबाग पुलिस की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को हजारीबाग से सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कोडरमा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती की योजना बना रहे हैं और इंदरवा इलाके में जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर कोडरमा पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सन्नी कुमार, अतुल कुमार और अमन राज को मौके से हिरासत में ले लिया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक अन्य सदस्य प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा मौके से भागने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को देखकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली प्रिंस पांडेय के दाहिने पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हथियार, कारतूस और रेकी के वीडियो बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, पांच मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रेकी से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद डिजिटल साक्ष्यों से स्पष्ट संकेत मिलता है कि आरोपी बैंक डकैती की योजना पर सक्रिय रूप से काम कर रहे थे और वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर चुके थे।
यह भी पढ़ें : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बनाई नई टीम, झारखंड से प्रदीप वर्मा बने राष्ट्रीय मंत्री
गिरोह के नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों, हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

