Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में युवती का कथित यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ लिंडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित नया सराय का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में कैंसर से जूझ रहे दुर्योधन को इलाज के लिए 3 लाख की जरूरत, परिवार ने मांगी मदद
15 अगस्त को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, लोअर बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने 15 अगस्त को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में युवती ने यौन शोषण और कथित तौर पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
छापेमारी के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद लोअर बाजार थाना पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने सौरभ लिंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। जब्त मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, दारोगा संतोष रजक, दारोगा सुधीर बाड़ा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Reporter | Samachar Post

