Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : पाकुड़ जिले के इलामी पंचायत में करीब 95 लाख रुपये की लागत से बनी PCC सड़क और गार्डवाल की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। मरांडी ने मांग की है कि जांच में यदि निर्माण कार्य में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें : रांची में युवती का यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
कुछ महीनों में सड़क में पड़ गए गहरे गड्ढे
बाबूलाल मरांडी के पत्र के अनुसार, इलामी से बागानपाड़ा तक सड़क और गार्डवाल का निर्माण वर्ष 2025 में DMFT कोष से कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण पूरा होने के कुछ ही महीनों बाद सड़क कई जगह से टूटने लगी और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुरानी PCC सड़क के ऊपर ही करीब 4 इंच की अतिरिक्त ढलाई कर दी गई। वहीं, गार्डवाल की नींव करीब 5 इंच होने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है।
घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक गार्डवाल में अच्छी गुणवत्ता के बोल्डर का पर्याप्त इस्तेमाल नहीं किया गया। सीमेंट की मात्रा कम रखने का आरोप है। घटिया बालू के इस्तेमाल की भी शिकायत की गई है। सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच या स्वतंत्र तकनीकी सत्यापन की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
150 फीट गार्डवाल का काम, करीब 50 फीट बाद निर्माण बंद
मरांडी ने इलामी पंचायत में सतार मौलवी के घर के पास वर्ष 2025 में बनाए गए एक अन्य गार्डवाल का भी जिक्र किया है। शिकायत के अनुसार, करीब 95 लाख रुपये के प्राक्कलन वाले इस काम में 150 फीट गार्डवाल का निर्माण किया जाना था, लेकिन करीब 50 फीट निर्माण के बाद काम कथित तौर पर बंद कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि काम अधूरा रहने के बावजूद पूरी राशि की निकासी कर ली गई। इस मामले में संवेदक और अभियंता की कथित मिलीभगत समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

सभी DMFT योजनाओं की जांच की मांग
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से इलामी पंचायत में DMFT कोष से कराए गए सभी PCC सड़क और गार्डवाल निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने विशेष जांच टीम गठित करने का आग्रह करते हुए कहा कि जांच में निम्न बिंदुओं को शामिल किया जाना चाहिए सड़क और गार्डवाल की निर्माण गुणवत्ता, DPR के अनुसार काम हुआ या नहीं, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता, काम की वास्तविक लंबाई और प्रगति, भुगतान और राशि निकासी की स्थिति, कार्यकारी एजेंसी की भूमिका। मरांडी ने कहा है कि यदि जांच में संवेदक, अभियंता या किसी अधिकारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Reporter | Samachar Post

