मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पलामू में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, एक हत्या की जांच में 11 महीने पुराने कत्ल का राज सामने आया

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्या की जांच के दौरान करीब 11 महीने पुराने दूसरे हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में नंदन मुसहर की हत्या के बाद बदले की भावना में मुटुर मुसहर की हत्या की गई। मुटुर हत्याकांड की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को नंदन की हत्या से जुड़ी अहम जानकारी मिली।

यह भी पढ़ें : पलामू में जलजमाव से परेशान स्कूली बच्चे, बोले- ‘सर, हमारा ड्रेस गंदा हो जाता है’

पत्नी के रिश्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, नंदन मुसहर रोजी-रोटी के लिए चेन्नई गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी जीतन मुसहरीन के बीधवर निवासी संतोष मुसहर के साथ संबंध होने की बात सामने आई। इसके बाद वह संतोष के साथ बीधवर गांव में रहने लगी। दशहरा के दौरान नंदन जब वापस मोहम्मदगंज आया तो उसे इस बारे में जानकारी मिली। बताया गया कि उसने पत्नी को वापस लाने का प्रयास किया। इसी विवाद के बाद मामला गंभीर हो गया।

नंदन को ले जाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, संतोष मुसहर समेत कुछ लोग नंदन को गढ़वा जिले के मंझिआव थाना क्षेत्र के खरसोता गांव के पास ले गए। वहां सभी ने खाना-पीना किया। आरोप है कि इसके बाद नंदन की हत्या कर उसके शव को कोयल नदी में बहा दिया गया। नंदन की हत्या के बाद उसके पिता दिनेश मुसहर को घटना की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, दिनेश को कथित तौर पर धमकी भी दी गई थी कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा।

बदले में मुटुर मुसहर को बनाया गया निशाना

पुलिस के अनुसार, बेटे की हत्या के बाद दिनेश मुसहर ने बदला लेने की योजना बनाई। इसी क्रम में संतोष मुसहर के चाचा मुटुर मुसहर को निशाना बनाया गया। बताया गया कि दिनेश मुटुर को काम दिलाने के बहाने बिहार के डेहरी ऑन सोन ले गया। इसके बाद सोन नदी किनारे श्मशान घाट के पास कंबल दिलाने के बहाने उसे ले जाया गया। पुलिस का आरोप है कि वहीं दिनेश और उसके साथियों ने मुटुर की हत्या कर शव को दफना दिया।

10 अगस्त को दर्ज हुआ अपहरण और हत्या का मामला

मुटुर मुसहर के अपहरण और हत्या को लेकर मोहम्मदगंज थाना में कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया गया। मामला 10 अगस्त 2026 को दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर हुसैनाबाद SDPO IPS दिव्यांश शुक्ल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

चार आरोपी गिरफ्तार, सोन नदी किनारे मिला नर-कंकाल

पुलिस के अनुसार, मामले में दिनेश मुसहर, विकास मुसहर, गोविन्द्र मुसहर और श्रवण मुसहर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर डेहरी नगर थाना क्षेत्र में सोन नदी किनारे पाली रोड स्थित श्मशान घाट के पास से नर-कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा। गिरफ्तार चारों आरोपियों को 15 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मुटुर हत्याकांड की जांच में सामने आया नंदन का मामला

मुटुर हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को करीब 11 महीने पुराने नंदन मुसहर की हत्या से जुड़ी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, मुटुर की हत्या नंदन की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। इसके बाद नंदन हत्याकांड को लेकर भी कार्रवाई शुरू की गई। मामले में संतोष मुसहर, धरमेन्द्र मुसहर और नन्दु मुसहर के खिलाफ मोहम्मदगंज थाना कांड संख्या 33/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने नंदन हत्याकांड में संतोष मुसहर और धरमेन्द्र मुसहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस ने ऐसे जोड़ी दोनों हत्याओं की कड़ियां

हुसैनाबाद SDPO IPS दिव्यांश शुक्ल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने जांच और छापेमारी के दौरान दोनों हत्याकांडों के बीच की कड़ी को जोड़ा। एक हत्या की जांच के दौरान करीब 11 महीने पुराने दूसरे हत्याकांड का खुलासा होना इस मामले की सबसे अहम कड़ी रही। पुलिस अब दोनों मामलों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस टीम में SDPO दिव्यांश शुक्ल, मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, अनुसंधानकर्ता मनोज मुंडा, देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता, लठेया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक कयामुद्दीन अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

एक हत्या से शुरू हुआ बदले का खूनी सिलसिला

पुलिस की जांच के मुताबिक, नंदन मुसहर की हत्या के बाद शुरू हुआ बदले का सिलसिला मुटुर मुसहर की हत्या तक पहुंचा। इसके बाद मुटुर हत्याकांड की जांच ने पुलिस को नंदन की करीब 11 महीने पुरानी हत्या तक पहुंचा दिया। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment