गुमला लापता बच्ची मामला: मुख्य आरोपी नार्को टेस्ट के लिए अनफिट, हाईकोर्ट ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट

Rupa Kumari | August 17, 2026 | 01:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : वर्ष 2018 में गुमला से लापता हुई छह वर्षीय बच्ची के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की मुख्य आरोपी भुखली लकड़ा का गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह इस परीक्षण के लिए अनफिट पाई गई।

नार्को टेस्ट नहीं हो सका

सरकार की ओर से अदालत को जानकारी दी गई कि मेडिकल मूल्यांकन के बाद आरोपी को नार्को विश्लेषण के लिए उपयुक्त नहीं माना गया। इसके बाद जांच के तहत सस्पेक्ट डिटेक्शन टेस्ट (SDT) सहित दो अन्य पूरक परीक्षण कराए गए हैं। राज्य सरकार ने बताया कि जांच के लिए गुजरात गई पुलिस टीम 19 अगस्त को रांची लौटेगी, जिसके बाद संबंधित परीक्षणों की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत की जाएगी।

अधिकारियों पर कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई संबंधी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अदालत से अतिरिक्त समय मांगा। हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 24 अगस्त 2026 निर्धारित की है और सरकार को जांच की प्रगति तथा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन और माइनिंग बिल पर कांग्रेस का हमला, युवाओं और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन का ऐलान

2018 से लापता है बच्ची

यह मामला गुमला जिले की एक छह वर्षीय बच्ची से जुड़ा है, जो सितंबर 2018 से लापता है। बच्ची की बरामदगी की मांग को लेकर उसकी मां चंद्रमुनि उरांव द्वारा दायर हेबियस कॉर्पस याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट लगातार सुनवाई कर रहा है। मामला लंबे समय से लंबित होने के कारण अदालत जांच की प्रगति पर लगातार नजर बनाए हुए है और समय-समय पर राज्य सरकार से स्थिति रिपोर्ट मांग रही है।

Share this news

संबंधित खबरें