Samachar Post रिपोर्टर, रांची : खरसीदाग ओपी क्षेत्र स्थित ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी के हॉस्टल में शनिवार को एक PHD छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है। छात्र हॉस्टल के कमरे में बेसुध अवस्था में मिला था।
काफी देर तक नहीं खुला दरवाजा, तोड़कर कमरे में दाखिल हुए लोग
बताया जा रहा है कि प्रथमेश रायपुरे के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। इसके बाद हॉस्टल में मौजूद लोगों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। छात्र को बेसुध हालत में मिलने के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रथमेश रायपुरे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर खरसीदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हॉस्टल के कमरे और आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


















