Samachar Post डेस्क, पटना : राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात/शनिवार सुबह एक कार से व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित जमना पैलेस के नीचे खड़ी कार से बरामद किया गया। व्यक्ति के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं।
कार से हथियार और खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद राजीव नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार से एक हथियार और खोखा भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में व्यक्ति द्वारा खुद को गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इसे गोली मारकर हत्या किए जाने की भी चर्चा है। ऐसे में पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कार के कागजात से की जा रही पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कार से मिले कागजात के आधार पर व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और गोली चलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत आत्महत्या से हुई या यह हत्या का मामला है।


















