Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव में रविवार देर रात बिजली के करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड गांव की ओर पहुंचा था। इसी दौरान एक हाथी बिजली के तार के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद झुंड के अन्य हाथियों के भी करंट लगने से घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पिछले कई दिनों से गांव में पहुंच रहा था हाथियों का झुंड
ग्रामीणों के मुताबिक, कोमर गांव और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ी हुई थी। रात के समय हाथियों का झुंड गांव में पहुंचकर खेतों और घरों को नुकसान पहुंचा रहा था। रविवार रात भी करीब 15 हाथियों का झुंड गांव की ओर आया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने काफी देर तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और हाथियों को गांव से दूर खदेड़ दिया। हालांकि, देर रात हाथियों का झुंड दोबारा गांव की तरफ लौट आया और एक ग्रामीण के मकई के खेत की ओर पहुंच गया। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

खेत में लगे बिजली के तार की चपेट में आया हाथी
वन विभाग के ट्रैकर पप्पू महतो के अनुसार, रात करीब 2 बजे तक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसके बाद झुंड दोबारा खेत की ओर पहुंचा, जहां बिजली का तार लगा हुआ था। बताया गया कि इसी तार के संपर्क में आने से एक हाथी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने रात में हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज भी सुनी थी। इसी आधार पर झुंड में शामिल अन्य हाथियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में साइबर क्राइम के खिलाफ आदिवासी समाज की अनोखी मुहिम, घरों पर लगाए पोस्टर
वन विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत हाथी के मामले की जांच शुरू की। टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बिजली का तार किस स्थिति में था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। फिलहाल दूसरे हाथियों के घायल होने की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग झुंड की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है, ताकि हाथियों और ग्रामीणों के बीच किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।






















