- 28 अक्टूबर से होनी है सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक माप और दौड़ परीक्षा। झारखंड छात्र मोर्चा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तिथि आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड सहायक कारापाल (असिस्टेंट जेलर) प्रतियोगिता परीक्षा की शारीरिक माप और दौड़ परीक्षा की निर्धारित तिथि को लेकर सवाल उठने लगे हैं। झारखंड छात्र मोर्चा (विनोबा भावे विश्वविद्यालय समिति) के अध्यक्ष वैभव सिंह उर्फ चंदन सिंह ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर परीक्षा की तारीख पुनर्निर्धारित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तिथि JTET और Bihar TET की परीक्षाओं से टकरा रही है। इससे उन अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही है, जिन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा और सहायक कारापाल भर्ती, दोनों के लिए आवेदन किया है।
28 अक्टूबर से निर्धारित है शारीरिक माप और दौड़ परीक्षा
चंदन सिंह ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि आयोग की ओर से 16 अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार, सहायक कारापाल पद के लिए शारीरिक माप और दौड़ परीक्षा 28 अक्टूबर से निर्धारित की गई है। इसी अवधि में JTET और Bihar TET की परीक्षाएं भी आयोजित हो रही हैं। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका पैदा हो गई है। छात्र मोर्चा का कहना है कि कई छात्र-छात्राएं लंबे समय से दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। तारीखों में टकराव के कारण उनके लिए दोनों परीक्षाओं में शामिल होना मुश्किल हो सकता है।
मुख्यमंत्री से तिथि आगे बढ़ाने का आग्रह
झारखंड छात्र मोर्चा ने मुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों की समस्याओं पर जल्द पहल करने और सहायक कारापाल की शारीरिक माप एवं दौड़ परीक्षा को कुछ समय के लिए आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। चंदन सिंह के मुताबिक, परीक्षा की तिथि में बदलाव होने से अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। छात्र मोर्चा ने मांग की है कि अभ्यर्थियों के भविष्य और परीक्षा संबंधी अवसरों को ध्यान में रखते हुए इस मामले पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।



















