Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : ब्लड बैंक के लैब टेक्निशियन और ब्लड बैंक एम्पलॉइज वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय चेयरमैन विनय कुमार सिंह ने असम के गुवाहाटी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम 7 अक्टूबर को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित किया गया था।
ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस के लिए आयोजित हुआ प्रशिक्षण
विनय सिंह ने ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर (ToT) कार्यक्रम में बतौर मास्टर ट्रेनर भाग लिया। प्रशिक्षण का आयोजन ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस के तहत किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य देश के सभी रक्त केंद्रों में ई-रक्तकोष पोर्टल के प्रभावी और एकरूप उपयोग के लिए कर्मचारियों की क्षमता को मजबूत करना था। प्रशिक्षण के दौरान रक्त केंद्रों से जुड़े कार्यों और ई-रक्तकोष पोर्टल के बेहतर उपयोग को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की गई।
अधिकारियों ने प्रदान किया प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. आई. दास (ACS) और स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की उप महानिदेशक डॉ. मेघा प्रवीण ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। विनय कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से रक्त केंद्रों में ई-रक्तकोष पोर्टल के इस्तेमाल को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।





















