Samachar Post डेस्क, रांची : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने की खबर है। ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।पिछले कुछ दिनों से CEC के खिलाफ हो रहे लगातार विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
दिल्ली में आवास और निर्वाचन सदन की सुरक्षा बढ़ी
दिल्ली स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास और निर्वाचन आयोग कार्यालय में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। उनकी निजी सुरक्षा में भी जवानों की संख्या बढ़ाई गई है। निर्वाचन सदन में पहले से तैनात CISF के अलावा RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
आगरा स्थित आवास पर भी सुरक्षा कड़ी
CEC ज्ञानेश कुमार के उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित आवास पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। दिल्ली के साथ आगरा में भी सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। बताया जा रहा है कि हाल के विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। हालांकि, उनकी सुरक्षा में बढ़ोतरी से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।



















