Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला लदे पांच हाइवा वाहन जब्त किए हैं। सोमवार को जिला खनन टास्क फोर्स के निर्देश पर पुलिस, एसआईएसएफ और संबंधित खनन परियोजना की सुरक्षा पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सभी वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
पुलिस को इलाके में संदिग्ध वाहनों के परिचालन की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद नाकाबंदी कर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोयला लदे पांच हाइवा को रोका गया, लेकिन पुलिस को देखते ही उनके चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।पुलिस ने सभी हाइवा को जब्त कर बालूमाथ थाना के अमरवाडीह पिकेट पहुंचाया। अब जब्त वाहनों में लदे कोयले से संबंधित कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कोयला कहां से आया, इसकी जांच
बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि जब्त कोयले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कोयला कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जांच के आधार पर अवैध कोयला कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।




















