Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए हाईटेक निगरानी व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। नेशनल हाईवे के दुर्घटना संभावित यानी ब्लैक स्पॉट को एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) से लैस किया जाएगा। इसके तहत हाईवे पर सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे, जो तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखेंगे।
ओवरस्पीड करते ही कैमरों की नजर में आएंगे वाहन
प्रशासन के अनुसार, जिले में होने वाले करीब 80 फीसदी सड़क हादसों की प्रमुख वजह तेज रफ्तार बताई गई है। इसे देखते हुए डीसी ने NHAI को दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर जल्द कैमरे लगाने का निर्देश दिया है। ब्लैक स्पॉट की पहचान के लिए DTO और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से सर्वे करेगी। इसके बाद चिह्नित स्थानों पर ATMS के तहत निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी। NHAI की ओर से इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। इस तकनीक से तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी रखने के साथ दुर्घटना की स्थिति में कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट मिल सकेगा। इससे हादसे के बाद राहत और बचाव दल को घायलों तक जल्द पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जेजे कॉलेज से बागीटांड़ तक फोरलेन का प्रस्ताव
कोडरमा में जेजे कॉलेज से बागीटांड़ तक रोज लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। इस हिस्से को फोरलेन करने का प्रस्ताव NHAI ने तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा है। इसके साथ ही सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्राक्कलन भी तैयार किया गया है।फिलहाल फोरलेन सड़क जेजे कॉलेज तक है। इसके आगे सड़क अपेक्षाकृत संकरी होने के कारण भारी वाहनों के दबाव में अक्सर जाम की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ी होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
चंदवारा में बनेगा हाईवे एमिनिटीज सेंटर
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों की सुविधा के लिए चंदवारा में हाईवे एमिनिटीज सेंटर विकसित करने की योजना है। NHAI ने इसके लिए जमीन की मांग की है। प्रस्तावित सेंटर में यात्रियों के लिए रेस्ट रूम, फूड कोर्ट, स्वच्छ शौचालय और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी किए जाने की योजना है। इससे हाईवे पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।



















