Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग NH-20 स्थित सुभाष चौक पर बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भादोडीह निवासी 20 वर्षीय सोनू सिद्दीकी, पिता अलाउद्दीन के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान मो. आजाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा से कुछ लोग स्कॉर्पियो से रामगढ़ के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान झुमरीतिलैया की ओर से दो युवक बाइक पर सवार होकर NH-20 पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक के पीछे बैठा सोनू सड़क पर गिर गया, जबकि बाइक चला रहा मो. आजाद बाइक समेत स्कॉर्पियो में फंस गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर आजाद को बाहर निकाला।
रांची ले जाने के दौरान सोनू की मौत
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। सोनू की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, मो. आजाद का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो में सवार चालक गौरव आनंद और आगे बैठे सौरव कुमार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


















