Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जंगल से भटककर एक जंगली कोटरा (हिरण का बच्चा) शनिवार सुबह लातेहार शहर पहुंच गया। नगर पंचायत क्षेत्र के गिजनियाटांड़ मोहल्ले में स्थानीय लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा। लोगों ने उसे सुरक्षित पकड़कर वार्ड पार्षद सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही संतोष रंजन मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद वन विभाग की टीम गिजनियाटांड़ पहुंची और घायल हिरण के बच्चे को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने समय रहते बचाया
स्थानीय लोगों ने हिरण के बच्चे को सुरक्षित पकड़कर उसकी सूचना नगर पंचायत उपाध्यक्ष तक पहुंचाई। समय पर जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया। वन विभाग अब घायल कोटरा का उपचार करा रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वन्यजीवों की सुरक्षा की अपील
नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने हिरण के बच्चे की सूचना देने और उसे सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी वन्यजीवों के शहर या आबादी वाले इलाकों में पहुंचने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी जंगली जानवर का शिकार करना कानूनन अपराध है और इसके लिए दंड का प्रावधान है।
सीमावर्ती जंगलों में पाए जाते हैं हिरण
लातेहार के सीमावर्ती इलाकों के जंगलों में बड़ी संख्या में हिरणों के विचरण करने की जानकारी स्थानीय स्तर पर दी गई है। ऐसे में जंगल से भटककर वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की स्थिति में लोगों से उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।




















