मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग, तैरता समझ अनदेखा करते रहे परिजन; डूबने से मौत

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार रात घर के आंगन में बने कुएं में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, पत्नी से विवाद के बाद दीपक ने गुस्से में कुएं में छलांग लगा दी थी। हालांकि, मृतक के पिता छोटन साव ने कुएं में गिरने की वजह पैर फिसलना बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

राशन की दुकान बंद कर घर पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, दीपक साव राशन की दुकान चलाता था। गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचा था। कुछ देर बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के बाद दीपक ने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था। वह तैरना जानता था और कुछ देर बाद खुद ही बाहर निकल आता था। इसी वजह से इस बार भी परिजनों और आसपास के लोगों ने शुरुआत में ज्यादा गंभीरता नहीं दिखाई।

काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो कुएं में देखा

परिजनों और ग्रामीणों को लगा कि दीपक पहले की तरह तैरकर खुद कुएं से बाहर आ जाएगा। इसलिए उसे कुछ समय तक कुएं में ही रहने दिया गया। काफी देर बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला, तो लोग कुएं के पास पहुंचे। कुएं में झांकने पर दीपक पानी की सतह पर स्थिर दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

जयनगर सीएचसी में डॉक्टरों ने दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। मृतक के पिता छोटन साव ने पुलिस को बताया कि दीपक दुकान से घर लौटने के बाद कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि दीपक का पत्नी से अक्सर विवाद होता था और वह पहले भी गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था। पुलिस अब इन दोनों दावों की जांच कर रही है।

अधिक पानी होने से डूबने की आशंका

ग्रामीणों के मुताबिक, दीपक के कुएं में कूदने के बाद लोगों को लगा कि वह पहले की तरह खुद बाहर निकल आएगा। इसी कारण उसे तत्काल बाहर निकालने की कोशिश नहीं की गई। आशंका है कि कुएं में पानी अधिक होने के कारण इस बार दीपक बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई। दीपक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment