Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : कोडरमा घाटी में रविवार देर रात दो ट्रेलर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति केबिन में फंस गया। हादसा मेघातरी काली मंडा के पास रात करीब 12 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेलर क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा रुके।
ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने की आशंका
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा के रास्ते बिहार जा रहे थे। दोनों वाहन एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे। मेघातरी के पास ढलान वाली सड़क पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ट्रेलर आगे चल रहे वाहन से जा टकराया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और दुकानदार घटनास्थल की ओर पहुंचे।

पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृत चालक का शव भी अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें : रिम्स में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले चालक और घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की संभावित वजह बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


