Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में नगर पंचायत का एक सफाई कर्मी घायल हो गया। घटना में उसकी बेटी को भी आंशिक चोटें आई हैं। घायल की पहचान 33 वर्षीय रामेश्वर उरांव के रूप में हुई है। वह चंदवा प्रखंड की बनहरदी पंचायत का रहने वाला है और लातेहार नगर पंचायत में सफाई कर्मी के तौर पर काम करता है। हादसा लातेहार में दूध फैक्ट्री के पास हुआ, जहां सामने से आ रही एक कार ने रामेश्वर की मोपेड को टक्कर मार दी।
बेटी को बस चढ़ाने जा रहा था रामेश्वर
जानकारी के अनुसार, रामेश्वर उरांव मंगलवार सुबह अपनी मोपेड से बनहरदी से लातेहार आ रहा था। पहले उसे अपनी बेटी को बस पर बैठाना था और इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय जाना था। इसी दौरान दूध फैक्ट्री के पास सामने से आ रही कार की चपेट में उसकी मोपेड आ गई। टक्कर के बाद रामेश्वर और उसकी बेटी सड़क पर गिर गए। हादसे में रामेश्वर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बेटी को भी हल्की चोट लगी है।

PCR वैन ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की PCR वैन मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं रामेश्वर की मोपेड को भी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें : सरायकेला में 26 साल बाद भी 4 गांवों को पक्की सड़क का इंतजार, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद बना डाली सड़क
पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त
घटना के बाद पुलिस ने कार और मोपेड दोनों को जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घायल रामेश्वर का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उसकी बेटी की स्थिति सामान्य बताई गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।












