Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम हटाने के लिए मिले आवेदनों में चतरा विधानसभा क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। राज्य में फॉर्म-7 के कुल 13,443 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,790 आवेदन अकेले चतरा विधानसभा क्षेत्र से हैं। यह कुल आवेदनों का करीब 36 प्रतिशत है।
चाईबासा और देवघर में भी मिले बड़ी संख्या में आवेदन
नाम हटाने के आवेदनों के मामले में चतरा के बाद चाईबासा से 1,906 और देवघर से 1,099 आवेदन प्राप्त हुए हैं। निर्वाचन आयोग ने इन आंकड़ों का दोबारा सत्यापन कराया है। आयोग के अनुसार, सत्यापन के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है।हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाने के आवेदन चतरा विधानसभा क्षेत्र से आने को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर मामले की जांच की मांग की है।
43.6 लाख प्रविष्टियों में मिली तार्किक विसंगतियां
एक अक्टूबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, झारखंड की मतदाता सूची में करीब 43.6 लाख प्रविष्टियों में तार्किक विसंगतियां पाई गई हैं। इन मामलों पर 12 अक्टूबर तक सुनवाई की जाएगी। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 30 सितंबर को समाप्त हो चुकी है। इसके बाद प्रक्रिया पूरी होने पर संशोधित अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।





















