Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित गांधी चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार समेत जिले के कई वरीय अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
गांधी के सत्य और अहिंसा के आदर्शों को किया याद
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाते हुए जनकल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए लगातार काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उपायुक्त ने उनके सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।
ग्राम सभाओं के जरिए योजनाओं के प्रचार पर जोर
गांधी जयंती के अवसर पर जिले में Reform Utsav को People’s Plan Campaign (PPC) के साथ जोड़कर ग्राम सभाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके जरिए ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, ग्राम स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने, योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अभियान की निगरानी और प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण विकास योजनाओं को जनभागीदारी के जरिए अधिक प्रभावी बनाना और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।



















