Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अगस्त में दर्ज हुई थी गुमशुदगी की शिकायत
ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब के अनुसार, अगस्त में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र से राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से गायब हैं। शिकायत में शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि शंकर डे उर्फ पिंकू डे मैथन के आसपास मौजूद है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने राम प्रताप प्रसाद की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस आरोपी को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टुंडी के मनियाडीह इलाके में ले गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।
लूट की रकम के विवाद में हत्या की आशंका
ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब के अनुसार, जून में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना में राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे की कथित संलिप्तता सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में राम प्रताप की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मनियाडीह इलाके से पहले एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। अब उसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में की गई है। पुलिस मामले में हत्या की परिस्थितियों और कथित विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
फिलहाल शंकर डे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी। जांच के तहत हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों में उसकी संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।






















