मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

Giridih News: बस कंडक्टर से मारपीट के आरोप में घिरे ASI, एसपी ने जांच की जिम्मेदारी SDPO को सौंपी

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में यात्री बस के कंडक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र में दिल्ली-कोलकाता हाईवे की है। गढ़वा से कोलकाता के बीच चलने वाली मुन्ना ट्रेवल्स के कंडक्टर ने निमियाघाट थाने में पदस्थापित एएसआई सत्येंद्र कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना में कंडक्टर के सिर पर चोट आई है। बस मालिक की शिकायत के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की जांच शुरू करा दी है।

सीट को लेकर हुआ विवाद, बस रुकवाने के बाद बढ़ी कहासुनी

मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई सत्येंद्र कुमार के परिवार के सदस्य 11 अक्टूबर को मुन्ना ट्रेवल्स की बस से गढ़वा से निमियाघाट आ रहे थे। यात्रा के दौरान सीट को लेकर उनके परिवार और बस एजेंट के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान एजेंट और कंडक्टर ने एएसआई के परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया। बताया जाता है कि एएसआई ने फोन पर एजेंट और कंडक्टर से बात भी की, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12 बजे के बाद बस निमियाघाट पहुंची। आरोप है कि बस निर्धारित स्थान पर नहीं रुकी और आगे निकल गई। इसके बाद एएसआई सत्येंद्र कुमार बस के पीछे पहुंचे और आगे जाकर बस को रुकवाया। परिवार के बस से उतरने के बाद एएसआई और कंडक्टर के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान कंडक्टर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसमें उसके सिर पर चोट आई। घटना के बाद बस मालिक ने पुलिस से शिकायत की।

एएसआई ने मारपीट से किया इनकार, बताई अपनी बात

एएसआई सत्येंद्र कुमार ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बस से यात्रा कर रही थीं। इसके लिए 1,600 रुपये का टिकट लिया गया था। उनके मुताबिक, सीट को लेकर अनुरोध करने पर एजेंट और कंडक्टर ने परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया। सत्येंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को निर्धारित सीट के बजाय बेंच पर बैठाकर लाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बस निमियाघाट में निर्धारित स्थान पर नहीं रुकी, जिसके बाद वह बस के पीछे पहुंचे और कंडक्टर से सवाल किया।

एएसआई ने स्वीकार किया कि इस दौरान उनकी कंडक्टर से कहासुनी हुई और उन्होंने उसका गिरेबान पकड़ लिया था। उनके अनुसार, इसी बीच कंडक्टर का सिर बस के दरवाजे से टकरा गया, जिससे उसे चोट लगी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने मारपीट नहीं की, बल्कि पत्नी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर सवाल उठाया था।

एसपी ने SDPO को सौंपी जांच, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

बस कंडक्टर के साथ कथित मारपीट की शिकायत मिलने के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले की जांच डुमरी एसडीपीओ आबिद खान को सौंपी। एसडीपीओ मामले की जांच कर चुके हैं। रिपोर्ट बुधवार को एसपी को सौंपे जाने की बात कही गई है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी डुमरी एसडीपीओ को दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के दावों के बीच पुलिस जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment