Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बांसडीह बालू घाट रोड पर शनिवार सुबह की। ट्रैक्टर पर बालू लदा था और चालक के पास परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार को सूचना मिली थी कि बांसडीह बालू घाट से अवैध रूप से बालू का उठाव कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की।
वैध कागजात नहीं दिखा सका चालक
पुलिस ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से बालू से संबंधित वैध कागजात और चालान मांगा। चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसी दौरान वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर मरकच्चो थाना ले आई। पुलिस अब वाहन मालिक और फरार चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर बालू का खनन या परिवहन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


















