Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) के बेतला नेशनल पार्क को गुरुवार से पर्यटकों के लिए फिर खोल दिया गया। इसके साथ ही नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हुई और कई ईको-टूरिज्म सुविधाओं का भी शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, डिप्टी डायरेक्टर (नॉर्थ), प्रभागीय वनाधिकारी समेत वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय बच्चियों और ‘बाघ-दीदियों’ ने फीता काटकर पार्क को पर्यटकों के लिए खोला।
किला कमलदह सर्किट से बढ़ेगा पर्यटन का दायरा
नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों के लिए किला कमलदह सर्किट शुरू किया गया है। बाइसन गेट से संचालित होने वाला यह सर्किट केवल ओपन गाइडेड सफारी के माध्यम से उपलब्ध रहेगा। इससे पर्यटकों को पार्क के प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय गाइड, ड्राइवर और सफारी ऑपरेटरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। पलामू टाइगर रिजर्व में नेतरहाट से केचकी तक के ईको-टूरिज्म स्थलों और सफारी की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। पर्यटक घर बैठे अपनी सफारी और अन्य पर्यटन स्थलों के लिए बुकिंग कर सकेंगे। इस सुविधा से पर्यटकों को टिकट और सफारी बुकिंग के लिए मौके पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी।

पर्यटकों को मिलेंगे स्थानीय व्यंजनों के विकल्प
पारंपरिक झारखंडी खान-पान को पर्यटन से जोड़ने की भी तैयारी है। इसके तहत जल्द ही ‘महुआ टपरी’ और किला चेकनाका के पास स्थानीय व्यंजनों की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इससे पर्यटकों को स्थानीय स्वाद का अनुभव मिलने के साथ क्षेत्र के पारंपरिक खान-पान को भी बढ़ावा मिलेगा। नए पर्यटन सत्र में पलामू टाइगर रिजर्व को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। पार्क में प्लास्टिक लेकर आने वाले पर्यटकों से कॉशन मनी ली जाएगी। कचरा नहीं फैलाने की पुष्टि होने के बाद यह राशि वापस कर दी जाएगी। पार्क में कचरा फैलाने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। वहीं, वन्यजीवों को खाना खिलाने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CCTV और QR असिस्टेंट से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
पर्यटकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए पार्क के अलग-अलग हिस्सों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ‘क्विक QR असिस्टेंट’ की सुविधा भी शुरू की गई है। पर्यटक QR कोड स्कैन कर व्हाट्सऐप के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। किसी समस्या, सुझाव या शिकायत की स्थिति में यह सुविधा तत्काल सहायता लेने में मदद करेगी। वन विभाग ने पर्यटकों से पार्क के नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और वन्यजीवों के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है।



















