Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, सुदृढ़ीकरण और लंबित परियोजनाओं को गति देने को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने 28 सितंबर को नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में चेयरमैन संतोष कुमार यादव के साथ बैठक की। बैठक में पलामू और गढ़वा से जुड़ी NH-39, NH-139 और NH-98 की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों के साथ आम लोगों की समस्याओं पर चर्चा हुई। सांसद की ओर से उठाए गए कई मुद्दों पर NHAI चेयरमैन ने त्वरित कार्रवाई और जरूरी निर्देश देने का आश्वासन दिया।
चार महीने में छह बार PD के तबादले का मुद्दा
सांसद ने परियोजनाओं के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) के लगातार तबादलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में छह बार PD के स्थानांतरण से परियोजनाओं की निगरानी, निर्णय प्रक्रिया और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में NHAI चेयरमैन ने वर्तमान अधिकारियों को परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी देने और अनावश्यक रूप से PD का तबादला नहीं करने का आश्वासन दिया। लंबित कार्यों की निगरानी और तेजी से निष्पादन के लिए पलामू में PIU का साइड ऑफिस खोलने की स्वीकृति भी दी गई।
दशहरा से पहले हाईवे के गड्ढे भरने का भरोसा
बैठक में सतबरवा, पोलपोल, डालटनगंज, पड़वा, रमना, नगर उंटारी, हरिहरगंज और छतरपुर समेत विभिन्न इलाकों में मानसून के कारण सड़कों पर बने गड्ढों का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने मरम्मत में देरी के कारण लोगों को हो रही परेशानी से NHAI चेयरमैन को अवगत कराया। इसके बाद चेयरमैन ने काम को फास्ट ट्रैक आधार पर कराने का निर्देश दिया। साथ ही दशहरा से पहले गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन के योग्य बनाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद स्थायी मरम्मत कराए जाने की बात कही गई।
सतबरवा बाईपास पर सुरक्षित डायवर्जन की मांग
सतबरवा बाईपास के निर्माण में देरी और मौजूदा डायवर्जन की स्थिति को लेकर भी सांसद ने चिंता जताई। उन्होंने यातायात सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा का मुद्दा उठाया। NHAI चेयरमैन ने निर्देश दिया कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने तक सतबरवा बाईपास पर गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित वैकल्पिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पोखराहा और जोड़ में VUP-LVUP के काम में आएगी तेजी
डालटनगंज बाईपास में Km 165 पर पोखराहा में VUP और Km 169 पर जोड़ में LVUP के लंबित अनुमोदन का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। इसको लेकर रेलवे और NHAI के बीच आवश्यक समन्वय की जानकारी दी गई। रेलवे की ओर से हाईटेंशन वायर हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की बात कही गई है। इससे संबंधित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भोगू-संखा फ्लाईओवर और रुके कामों की समीक्षा
सांसद ने PIU के डालटनगंज से लातेहार स्थानांतरण के कारण प्रभावित परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की मांग की। उन्होंने दुबियाखाड़ आदिवासी विकास महाकुंभ मेला को देखते हुए भोगू-संखा सेक्शन में प्रस्तावित फ्लाईओवर को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा पिछले छह महीनों से प्रभावित सिविल कार्यों में तेजी लाने और मेदिनीनगर DFO की ओर से उठाए गए वृक्षारोपण एवं फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े लंबित अनुपालनों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग भी रखी गई। सांसद विष्णु दयाल राम ने फोर-लेनिंग का काम पूरा होने तक मेदिनीनगर टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों को उचित टोल छूट देने का आग्रह किया। साथ ही NH-39 पैकेज-V और NH-139 के पूर्ण हो चुके हिस्सों का जल्द उद्घाटन कर उन्हें आम जनता को समर्पित करने की मांग रखी।
आर्थिक विकास से जुड़ी हैं हाईवे परियोजनाएं
सांसद ने कहा कि पलामू और गढ़वा के राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र के आवागमन के साथ-साथ आर्थिक विकास, व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी को दूर कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की जरूरत बताई। बैठक में NHAI की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद क्षेत्र की विभिन्न हाईवे परियोजनाओं में तेजी आने और सड़क से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है।






















