Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर परिसदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निजी सहायक (PA) के कमरे में घुसकर बैग खंगालने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, संदिग्ध युवक कमरे के अंदर बैग में कुछ तलाश रहा था। कमरे में लोगों के पहुंचते ही वह मौके से भाग निकला। मामले को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के मुताबिक, बाबूलाल मरांडी के देवघर परिसदन पहुंचने के बाद सुबह करीब 11:45 बजे उनके साथ आए लोगों को कमरे आवंटित किए गए थे। इसके बाद PA मिथिलेश कुमार और विनय मुर्मू सहित अन्य लोग कमरा बंद कर भोजन करने चले गए। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरा नंबर-4 खुला हुआ है। अंदर जाने पर एक युवक मिथिलेश कुमार के बैग को खंगालते हुए दिखाई दिया।
पकड़ने की कोशिश, लेकिन भाग निकला युवक
कमरे में लोगों को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा। शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। भागते समय उसका वीडियो भी बनाया गया, ताकि पहचान में पुलिस को मदद मिल सके। शिकायत में कहा गया है कि युवक कमरे में किस उद्देश्य से घुसा था और वह परिसदन तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद देवघर परिसदन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि युवक पहले से परिसर और वहां ठहरे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा हो सकता है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी की पहचान करने और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।






















