Samachar Post डेस्क, रांची : भारतीय निशानेबाजी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। तीनों ने मिलकर 328 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहीं। चीन ने 346 अंक के साथ गोल्ड और कुवैत ने 325 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नीरू ढांडा ने टीम इवेंट में 118 अंक जुटाए
भारतीय टीम की ओर से नीरू ढांडा ने 118, आशिमा अहलावत ने 106 और मनीषा कीर ने 104 अंक हासिल किए। नीरू का प्रदर्शन टीम के सिल्वर मेडल में अहम रहा। टीम स्पर्धा के साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा के फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया।
व्यक्तिगत ट्रैप में नीरू ने जीता गोल्ड
टीम स्पर्धा के बाद नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत महिला ट्रैप स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्होंने 30 में से 28 निशाने सटीक लगाए और नया एशियन रिकॉर्ड कायम किया। चीन की सुन युनोंग ने 26 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने ब्रॉन्ज पदक हासिल किया।
एशियन गेम्स में व्यक्तिगत ट्रैप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला
नीरू ढांडा की यह जीत भारतीय निशानेबाजी के लिए ऐतिहासिक रही। वह एशियन गेम्स में व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उनके 28 के स्कोर ने इससे पहले के 24 के एशियन रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।व्यक्तिगत स्वर्ण पदक के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना पांचवां गोल्ड मेडल भी हासिल किया। नीरू के लिए यह दिन खास रहा, क्योंकि उन्होंने एक ही दिन टीम स्पर्धा में सिल्वर और व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतकर दोहरी उपलब्धि दर्ज की।






















