Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव में शुक्रवार देर रात तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, देर रात बारिश के दौरान प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (37), उनका 15 वर्षीय दिव्यांग बेटा अंकित कुमार और बुआ मुंद्रिका देवी (45) घर के कमरे में खिड़की के पास बैठे थे। इसी दौरान अचानक तेज वज्रपात हुआ और बिजली घर की लोहे की ग्रिल वाली खिड़की पर गिर गई। लोहे के संपर्क में आने से करंट पूरे कमरे में फैल गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :135 किमी रफ्तार की आंधी ने मचाई तबाही, बिहार में 9 की मौत; CM सम्राट ने मुआवजे का ऐलान
शादी की खुशियां पलभर में बदलीं मातम में
परिवार में कुछ ही दिन पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं। मृतक मुंद्रिका देवी अपने रिश्तेदार नीतीश Kumar की शादी में शामिल होने नंदूडीह गांव आई थीं और शनिवार को वापस लौटने वाली थीं। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के समय घर के मुखिया प्रदीप यादव शादी समारोह में शामिल होने के लिए डोमचांच गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर का मंजर देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि अंकित कुमार दिव्यांग था और परिवार का बेहद दुलारा था। उसकी मौत से परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं। सूचना मिलने पर सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां और शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
Reporter | Samachar Post