Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। परीक्षा को लेकर सुबह से ही विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा के लिए जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 4,392 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण वातावरण में शुरू हुई और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
यह भी पढ़ें : जनगणना 2027: झारखंड में अफसरों के तबादले पर रोक, मार्च 2027 तक नहीं बदलेगी जिला-प्रखंड की सीमा
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क
बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए थे। इन हेल्प डेस्कों के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की जानकारी, प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देश, अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी हुई।

दो चरणों की जांच के बाद मिला प्रवेश
JSSC के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले दो चरणों में सघन जांच की गई, जिसमें प्रवेश पत्र, पहचान पत्र , अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
सभी केंद्रों पर रही कड़ी सुरक्षा
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की।

Reporter | Samachar Post

