Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : कटकमदाग थाना क्षेत्र के रेवाली गांव की रहने वाली 70 वर्षीय विधवा और वरिष्ठ नागरिक रुक्मणी देवी ने अपनी पुत्रवधु पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। वृद्धा ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
यह भी पढ़ें : सिमडेगा में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा
पति की मौत के बाद बढ़ी परेशानी का आरोप
रुक्मणी देवी ने अपने आवेदन में बताया है कि उनके पति स्वर्गीय राजेंद्र नाथ शर्मा के निधन के बाद उनकी दूसरी पुत्रवधु आरती कुमारी के व्यवहार में बदलाव आया। उनका आरोप है कि पुत्रवधु उन्हें घर से निकालने और उनके कमरे पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनका भरण-पोषण बड़े पुत्र द्वारा किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वृद्धा का आरोप है कि पुत्रवधु देर रात तक घर में जोर-जोर से चिल्लाकर विवाद करती है, जिससे उन्हें मानसिक तनाव होता है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में लगातार इस तरह की स्थिति का सामना करना उनके लिए काफी कठिन हो गया है।
CCTV कैमरों से छेड़छाड़ का आरोप
रुक्मणी देवी ने आवेदन में दावा किया है कि घर में पहले से लगे CCTV कैमरे उनके पति ने सुरक्षा के लिए लगवाए थे। उनका आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद पुत्रवधु ने दो CCTV कैमरों के तार काट दिए। कुछ कैमरों को कपड़े से ढक दिया। वृद्धा ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने तस्वीरें भी आवेदन के साथ संलग्न की हैं। रुक्मणी देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके निजी बेडरूम से जुड़े शौचालय पर पुत्रवधु ने कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि पुत्रवधु जानबूझकर उसी शौचालय का इस्तेमाल करती है और गंदगी फैलाकर उन्हें परेशान करती है, जबकि उसके लिए अलग शौचालय की व्यवस्था पहले से मौजूद है।

घर में बंद रखने का लगाया आरोप
वृद्धा ने आरोप लगाया कि कई बार पुत्रवधु घर के ग्रिल और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा देती है, जिससे वह बाहर नहीं निकल पाती हैं। उन्होंने इसे खुद को घर में बंधक जैसी स्थिति में रखने का प्रयास बताया।
पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
अपने आवेदन में रुक्मणी देवी ने आशंका जताई है कि उनके साथ कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वृद्धा ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें सम्मान और शांति के साथ जीवन बिताने में मदद की जाए।

Reporter | Samachar Post

