मंत्री इरफान अंसारी की मांग: सोनम वांगचुक का हेल्थ बुलेटिन सार्वजनिक करे केंद्र सरकार

Meenu | July 19, 2026 | 12:02 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार से वांगचुक की मेडिकल स्थिति की पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करने और नियमित हेल्थ बुलेटिन जारी करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026: हर 5 किमी पर लगेगा हेल्थ कैंप, 200 से अधिक डॉक्टरों की होगी तैनाती

“देश जानना चाहता है सोनम वांगचुक की सेहत”

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि देश, खासकर युवा, यह जानना चाहता है कि सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति कैसी है। उन्होंने सवाल उठाया कि उन्हें समय पर दवाएं और आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल रही है या नहीं। मंत्री ने मांग की कि वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर नियमित हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाए ताकि लोगों के बीच किसी तरह की भ्रम की स्थिति न रहे।

भाजपा पर साधा निशाना

इस दौरान इरफान अंसारी ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि सोनम वांगचुक देश के युवाओं और किसानों के हित में आमरण अनशन कर रहे थे, तो सरकार को उनसे बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने संवाद की बजाय सख्त कदम उठाए। इरफान अंसारी ने किसानों के आंदोलन और नीट पेपर लीक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सोनम वांगचुक से मिलकर उनकी बात सुननी चाहिए थी और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए था।

अस्पताल में भर्ती हैं सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक को हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर से पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य अपडेट के अनुसार, वह लंबे उपवास के कारण कमजोर हैं और हल्के निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से जूझ रहे हैं। हालांकि, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है और उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

Share this news

संबंधित खबरें