Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय दुम्बी में पांचवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है।
हाथ-पैर में मिले चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, पिटाई के बाद छात्रा के हाथ और पैर में चोट के निशान पाए गए। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद छात्रा की मां ने सदर थाना में प्रधानाध्यापक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मां का आरोप है कि शिक्षक पहले भी बच्ची को प्रताड़ित करते थे और इस बार उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज के अमन आयुष्कर ने बढ़ाया झारखंड का मान, भारतीय वन सेवा परीक्षा में हासिल किया 27वां रैंक
प्रधानाध्यापक ने आरोपों से किया इनकार
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि छात्रा अपनी सहेली के साथ झगड़ा कर रही थी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही थी। इसी दौरान उसे केवल समझाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने छात्रा की पिटाई करने के आरोप से साफ इनकार किया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार ने कहा कि जांच में यदि प्रधानाध्यापक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।