Samachar Post रिपोर्टर,रांची : सावन माह में पहाड़ी बाबा मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर परिसर और आसपास की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों की स्थिति, शौचालय व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की सुविधा, रास्तों पर बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग डेंटल कॉलेज में स्टोर इंचार्ज की संदिग्ध मौत, साथ सोए दो साथी लापता; हत्या की आशंका
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
उपायुक्त ने कहा कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शीशे की पूजन सामग्री पर रहेगा प्रतिबंध
इस बार जिला प्रशासन ने सावन के दौरान पहाड़ी मंदिर परिसर में शीशे से बनी किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा के लिए शीशे की वस्तुएं लेकर न आएं। साथ ही दुकानदारों को भी ऐसी सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
रांचीवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
निरीक्षण के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और रांचीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, रांची नगर निगम और मंदिर समिति के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post

