Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड स्थित कॉलेज ऑफ साइंस एंड डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शनिवार देर रात एक स्टोर इंचार्ज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विकास कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो डेंटल कॉलेज में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस कमरे में विकास कुमार सिंह अपने तीन साथियों के साथ सोने गए थे, उनमें से दो युवक घटना के बाद से गायब हैं।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना से बदल रही कोडरमा की महिलाओं की तस्वीर, स्वरोजगार से मिली नई पहचान
रात में साथ खाया खाना, सुबह मिली मौत की खबर
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात विकास कुमार सिंह ने अपने तीन साथियों पवन कुमार, दशरथ यादव और अर्जुन के साथ मिलकर खाना खाया था। इसके बाद चारों लोग कॉलेज परिसर के एक कमरे में सोने चले गए। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो अन्य कर्मचारियों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर विकास कुमार सिंह कमरे में बेसुध अवस्था में मिले। जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि हुई। घटना के बाद कमरे में मौजूद तीन साथियों में से पवन कुमार और अर्जुन वहां नहीं मिले। दोनों के लापता होने के बाद मामले पर संदेह और गहरा गया है। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक विकास कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंचे परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताया है। मृतक के रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद दो साथियों का अचानक गायब होना कई सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे
मामले की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना वाली रात या सुबह कमरे से कौन-कौन बाहर निकला था। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

