LLB छात्रा दिव्या हत्याकांड का खुलासा: गवाही रोकने के लिए प्रेमी ने रची हत्या की साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार

Meenu | July 17, 2026 | 05:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चतरा : चतरा पुलिस ने गया जिले की एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दिव्या की हत्या उसके प्रेमी राहुल यादव ने कथित तौर पर कोर्ट में होने वाली अहम गवाही को रोकने के उद्देश्य से साजिश रचकर कराई। मामले में एक सह-आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड और बिहार पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें : सोनम वांगचुक के अनशन पर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

बंद पत्थर खदान से मिला था शव

मामले की शुरुआत 26 जून को हुई थी, जब हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो स्थित एक बंद पत्थर खदान से एक युवती का शव बरामद हुआ। बाद में उसकी पहचान गया जिले की रहने वाली एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान के रूप में हुई। शुरुआती दौर में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर केस था। पुलिस जांच के मुताबिक, दिव्या और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि शादी का वादा करने के बाद राहुल पीछे हट गया। इसके बाद दिव्या ने बिहार के शेरघाटी थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते राहुल को जेल भी जाना पड़ा था।

कोर्ट में गवाही से पहले रची गई साजिश

पुलिस और परिजनों के अनुसार, अगले सप्ताह एससी-एसटी कोर्ट में राहुल यादव के खिलाफ दिव्या की महत्वपूर्ण गवाही होनी थी। आरोप है कि राहुल इस गवाही को रुकवाना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने 24 जून को दिव्या को बहाने से बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को चतरा की सुनसान पत्थर खदान में फेंक दिया गया।

वायरल ऑडियो बना जांच का अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, इस मामले की जांच में एक वायरल ऑडियो और तकनीकी साक्ष्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऑडियो में कथित तौर पर राहुल यादव दिव्या पर केस वापस लेने का दबाव बनाता सुनाई देता है। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेपाली गंझू नामक सह-आरोपी को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया। उसके पास से मृतका का वनप्लस मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की गई है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने का दावा किया गया है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी राहुल यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच झारखंड और बिहार पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें