झारखंड के 48 हजार से अधिक प्राथमिक शिक्षकों को राहत, 15 सितंबर से ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में तबादले का इंतजार कर रहे 48 हजार से अधिक प्राथमिक शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए नया ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। विभागीय जानकारी के मुताबिक 15 सितंबर 2026 के बाद शिक्षक इस पोर्टल के जरिए तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत शिक्षक सिर्फ अपने जिले के भीतर ही नहीं, बल्कि दूसरे जिले में तबादले के लिए भी अनुरोध कर सकेंगे। इससे लंबे समय से गृह जिले, घर के नजदीक या पसंद के स्कूल में पदस्थापन का इंतजार कर रहे शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अप्रैल में तैयार हो गया था पोर्टल

शिक्षा विभाग ने तबादला प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से नया ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है। बताया गया है कि पोर्टल अप्रैल 2026 में ही तैयार हो गया था, लेकिन सिक्योरिटी ऑडिट पूरा नहीं होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका। फिलहाल पोर्टल का सुरक्षा ऑडिट अंतिम चरण में बताया जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल को शिक्षकों के लिए खोल दिया जाएगा।

पहले भी दो बार ऑनलाइन प्रक्रिया की कोशिश

शिक्षकों के तबादले के लिए इससे पहले भी 2019 और 2022 में ऑनलाइन पोर्टल तैयार किए गए थे। हालांकि, टेस्टिंग के दौरान तकनीकी समस्याएं सामने आने के कारण दोनों बार प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। इस बार विभाग ने पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नई ऑनलाइन व्यवस्था तैयार की है। इसका उद्देश्य आवेदन से लेकर तबादले तक की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।

इन शिक्षकों को मिल सकती है प्राथमिकता

नई तबादला प्रक्रिया में कुछ श्रेणियों के शिक्षकों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान बताया गया है। इनमें असाध्य बीमारी से पीड़ित शिक्षक, पति-पत्नी दोनों के सरकारी कर्मचारी होने की स्थिति और 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिला शिक्षिकाएं शामिल हैं। इसके अलावा समान पद और विषय वाले शिक्षकों को आपसी सहमति के आधार पर म्यूचुअल ट्रांसफर का विकल्प भी दिए जाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें : विधायक पुत्र से कथित मारपीट मामले में BJYM मंडल अध्यक्ष समेत 9 नामजद, विधानसभा थाने में FIR

दूसरे जिले में भी तबादले का विकल्प

नई व्यवस्था की सबसे अहम बात यह है कि शिक्षक अपने वर्तमान जिले से दूसरे जिले में भी तबादले का अनुरोध कर सकेंगे। इससे उन शिक्षकों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है जो लंबे समय से पारिवारिक या व्यक्तिगत कारणों से अपने गृह जिले के नजदीक पदस्थापन चाहते हैं।हालांकि, तबादले के लिए अंतिम निर्णय विभागीय नियमों, उपलब्ध पदों और प्राथमिकता मानदंड के आधार पर होगा। पोर्टल शुरू होने के बाद आवेदन और स्थानांतरण की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

संबंधित खबरें