CISF का बड़ा अभियान: तीन हफ्तों में 1,800 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त, 84 वाहन भी पकड़े गए

Meenu | July 19, 2026 | 05:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : अवैध कोयला खनन, चोरी और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले तीन सप्ताह में CISF ने अपने सुरक्षा क्षेत्र वाले कोयला क्षेत्रों से करीब 1,798.725 मीट्रिक टन अवैध कोयला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.08 करोड़ रुपये बताई गई है, जब्त किया है। इस अभियान के दौरान कोयला तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 84 वाहनों को भी जब्त किया गया, जबकि अवैध गतिविधियों से जुड़े मामलों में 21 प्रत्यक्ष शिकायतें दर्ज की गई हैं।

यह भी पढ़ें : पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, छात्र हित में आंदोलन तेज करने का ऐलान

अमित शाह की समीक्षा बैठक के बाद तेज हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह अभियान तेज किया गया। बैठक में देशभर में कोयला चोरी और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए “जीरो कोल लीकेज” का लक्ष्य तय किया गया था। इसके बाद CISF ने संवेदनशील कोयला क्षेत्रों में विशेष अभियान शुरू किया। CISF की कार्रवाई के दौरान विभिन्न कोलफील्ड क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया। BCCL, धनबाद से 1,063.91 मीट्रिक टन, ECL, शीतलपुर से 450.13 मीट्रिक टन, CCL, रांची एवं CMP(H) से 284.715 मीट्रिक टन बरामद किया गया।

MMDR Act की शक्तियों से अभियान को मिली मजबूती

CISF ने बताया कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) की धारा 22, 23B और 24 के तहत अधिकृत अधिकारियों को विशेष वैधानिक अधिकार प्राप्त हैं। इन अधिकारों के तहत अधिकारी सक्षम न्यायालय में सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं। संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ले सकते हैं। अवैध कोयले के भंडारण वाले परिसरों में प्रवेश कर कार्रवाई कर सकते हैं। इससे कार्रवाई की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और तेज हुई है।

तस्करी के नए तरीके भी आए सामने

अभियान के दौरान जब्त किए गए 84 वाहनों से कोयला तस्करों के नए तौर-तरीकों का भी खुलासा हुआ है। CISF के अनुसार, तस्करी में बड़े ट्रकों के अलावा संशोधित (मॉडिफाइड) मोटरसाइकिलों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। इन वाहनों के जरिए तस्कर छोटे-छोटे हिस्सों में कोयला लेकर ऐसे दुर्गम और अनधिकृत रास्तों से गुजरते थे, जहां निगरानी करना मुश्किल होता है। जब्त किए गए सभी वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।

Share this news

संबंधित खबरें