Samachar Post रिपोर्टर,रांची : कांग्रेस नेता प्रदीप यादव ने पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र हितों के मुद्दे पर अपना आंदोलन और तेज करेगी। प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसका समापन कार्यक्रम दिल्ली में होगा।
यह भी पढ़ें : रांची: होमगार्ड जवानों के मानदेय पर गरमाई सियासत, BJP ने हेमंत सरकार को घेरा
NEET और परीक्षाओं को लेकर लगाए आरोप
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि NEET परीक्षा के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या की और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के गठन के बाद बड़ी संख्या में परीक्षाएं रद्द हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे लाखों-करोड़ों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
पेपर लीक पर सरकार को घेरा
प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हर साल छात्रों की मेहनत पेपर लीक जैसी घटनाओं की वजह से प्रभावित होती है और इस समस्या के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

शिक्षा सुधार और निजीकरण का किया विरोध
प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप मजबूत और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की पक्षधर है। उन्होंने शिक्षा के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। प्रदीप यादव ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियां केवल केंद्र तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को भी पूर्ववर्ती सरकार से कई समस्याएं विरासत में मिली हैं, जिनके समाधान की दिशा में काम करने की जरूरत है।
विधायिका-कार्यपालिका विवाद पर क्या बोले?
विधायिका और कार्यपालिका के बीच चल रहे विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदीप यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह के मतभेद समय-समय पर सामने आते रहे हैं और यह कोई नई बात नहीं है।

Reporter | Samachar Post

