Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को रांची स्थित लोक भवन के मुख्य द्वार से “Freedom Drive 2026” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान Ranchi Samaritans Round Table 244 द्वारा आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना और समाज में जागरूकता फैलाना है।
“Freedom Through Education” थीम पर आधारित है यात्रा
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा “Freedom Through Education” (शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता) थीम पर आधारित है। अभियान के तहत प्रतिभागी रांची से पश्चिम बंगाल के अयोध्या पहाड़ (पुरुलिया) तक यात्रा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के जरिए सामाजिक परिवर्तन और जागरूकता का संदेश देना है।

शिक्षा को बताया विकास का सबसे प्रभावी माध्यम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
यह भी पढ़ें : सरायकेला में युवक की हत्या से सनसनी: सुबह विवाद, दोपहर में धारदार हथियार से हमला कर ली जान
वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने के प्रयासों की सराहना
राज्यपाल ने आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद और वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायी हैं। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहलें लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

