Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के लखीसराय जिले में शनिवार तड़के पुलिस टीम की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। बड़हिया थाना क्षेत्र में एनएच-80 पर टाल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने छापेमारी के लिए जा रही पुलिस गश्ती गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
छापेमारी के लिए निकली थी पुलिस टीम
जानकारी के मुताबिक, बड़हिया थाना की पुलिस टीम शनिवार अहले सुबह एक मामले में छापेमारी के लिए निकली थी। इसी दौरान एनएच-80 पर टाल प्लाजा के पास लखीसराय की ओर से आ रहे ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
SI समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
हादसे में एसआई एएसके श्रीवास्तव, हवलदार राजेश पासवान, महिला पुलिसकर्मी सीता कुमारी, एकता कुमारी और पुलिस वाहन चालक घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वाहन चालक को गंभीर चोटें आई हैं।घायलों को पहले बड़हिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद बेहतर इलाज और जरूरी जांच के लिए सभी को लखीसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की जांच में सीटी स्कैन भी कराया जाना है।
ट्रक चालक हादसे के बाद फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक तथा उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर बताई जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




















