NGT नियमों पर सख्ती: जामताड़ा में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त

Meenu | July 13, 2026 | 05:08 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर खनन विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है। इसी अभियान के तहत मिहिजाम थाना क्षेत्र से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है।

यह भी पढ़ें : धनबाद के मोहरीबांध में धंसी सड़क का RCD टीम ने किया निरीक्षण, मरम्मत और निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

खनन विभाग के माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार को सूचना मिली थी कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुस बेदिया गांव के पास अवैध रूप से बालू का उठाव और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी कर बालू से लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। जब्त ट्रैक्टर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मिहिजाम थाना को सौंप दिया गया है। खनन विभाग की टीम को मौके पर पहुंचता देख ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

13 जुलाई तक नौ ट्रैक्टर और दो हाइवा जब्त

जिला प्रशासन के अनुसार, अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 13 जुलाई तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल नौ ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा अवैध पत्थर परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो हाइवा वाहन भी जब्त किए गए हैं।

अवैध खनन पर कार्रवाई जारी रहेगी

माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े NGT के नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध बालू और पत्थर खनन पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें