जामताड़ा में ग्रामसभा के दौरान वज्रपात, पंचायत भवन और स्कूल के विद्युत उपकरण जले

Meenu | August 29, 2026 | 01:42 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा जिले के जियाजोरी पंचायत में शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच वज्रपात होने से पंचायत भवन और उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आकाशीय बिजली गिरने के बाद पंचायत भवन में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कई विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान पंचायत भवन में विशेष ग्रामसभा चल रही थी। राहत की बात यह रही कि वज्रपात की इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें : BREAKING: माध्यमिक आचार्य भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मुख्य सचिव को CID में FIR कराने का निर्देश

ग्रामसभा के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली

जानकारी के अनुसार, शनिवार को जियाजोरी पंचायत भवन में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया था। इसमें 50 से अधिक लोग मौजूद थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक जोरदार गर्जना हुई और पंचायत भवन के पास स्थित बिजली के खंभे पर वज्रपात हो गया। इसके बाद बिजली के तेज झटके से पंचायत भवन के विद्युत तंत्र में शॉर्ट सर्किट हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से ग्रामसभा में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

11 हजार वोल्ट के तार वाले खंभे पर वज्रपात

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंचायत भवन के समीप से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजरती है। इसी लाइन से जुड़े खंभे पर वज्रपात होने के बाद बिजली का तेज झटका पंचायत भवन के विद्युत सिस्टम तक पहुंचा। झटके का असर इतना अधिक था कि पंचायत भवन में लगा बिजली का मीटर दीवार से उखड़कर नीचे गिर गया। इसके अलावा भवन के अंदर लगे कई विद्युत उपकरण भी जल गए या क्षतिग्रस्त हो गए। वज्रपात का असर पंचायत भवन के पास स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जियाजोरी में भी देखने को मिला। यहां भी आकाशीय बिजली के झटके से विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। पंचायत भवन और विद्यालय दोनों जगह विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कोई हताहत नहीं, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

घटना के समय पंचायत भवन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बावजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। वज्रपात के बाद ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति को लेकर सावधानी बरती और आसपास के लोगों को सतर्क किया।

विद्युत व्यवस्था की जांच की मांग

एक ही इलाके में पंचायत भवन और स्कूल के विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन और विद्यालय जैसे सार्वजनिक स्थानों पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना होने पर किसी बड़े हादसे की आशंका को कम किया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें