मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

1 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल समेत 6 की तलाश तेज, पुलिस ने जारी किए पोस्टर

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, पूर्वी सिंहभूम : जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बावजूद पुलिस ने पुराने नक्सली नेटवर्क की बची कड़ियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश समेत छह वांछित नक्सलियों के पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टर में आरोपियों की तस्वीर, नाम और इनाम की राशि की जानकारी दी गई है। पटमदा, घाटशिला और गालूडीह थाना क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में पोस्टर चिपकाकर पुलिस ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है।

छह नक्सलियों पर कुल करोड़ों का इनाम

पुलिस के अनुसार, असीम मंडल पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित है। वहीं राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज उर्फ सचिन पर 15 लाख, मीता उर्फ नयनतारा उर्फ घुमो उर्फ पोरी पर 10 लाख, मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ पांडेय पर 5 लाख, मालती मुर्मू उर्फ मालती पर 2 लाख और बुलु महतो उर्फ गौरी पर 1 लाख रुपये का इनाम है। पुलिस ने इन सभी के नाम और तस्वीरों के साथ इनाम की राशि वाले पोस्टर सार्वजनिक किए हैं।

असीम मंडल के 15 सदस्यीय दस्ते से जुड़े रहे हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक, ये सभी नक्सली कभी असीम मंडल से जुड़े करीब 15 सदस्यीय दस्ते का हिस्सा रहे हैं। समय के साथ पुलिस कार्रवाई में दस्ते के कई सदस्य गिरफ्तार किए गए, कुछ मुठभेड़ों में मारे गए और कुछ ने आत्मसमर्पण किया। अब बचे छह वांछित नक्सलियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस को आशंका है कि असीम मंडल और उसके सहयोगी झारखंड-बंगाल सीमा से लगे जंगलों और दुर्गम इलाकों में ठिकाने बदलकर रह सकते हैं।

दलमा से घाटशिला तक जंगलों में तलाशी अभियान

वांछित नक्सलियों की तलाश में पुलिस और कोबरा बटालियन की टीमें झारखंड-बंगाल सीमा पर अभियान चला रही हैं। दलमा से घाटशिला तक करीब 30 से 35 किलोमीटर के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों की गतिविधियां बढ़ाई गई हैं। गुड़ाझोर, भोमराडीह, कालचीती और केशरपुर समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जंगलों में पिकेटिंग भी की जा रही है।बरसात के मौसम में पहाड़ी और जंगल इलाकों में अभियान चलाना सुरक्षा बलों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद पुलिस संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों पर लगातार निगरानी रख रही है।

यह भी पढ़ें : पूर्व DDC सुनील कुमार सिंह का फंदे से लटका मिला शव, लालपुर पुलिस जांच में जुटी

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

पुलिस ने पोस्टर के जरिए ग्रामीणों और दुकानदारों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी, आवाजाही या नक्सली गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और नियमानुसार इनाम दिया जाएगा। सूचना SSP पूर्वी सिंहभूम के मोबाइल नंबर 9431706480, SP ग्रामीण 9470199228 और DSP पटमदा 9431706496 पर दी जा सकती है।

दस्ते के पांच सदस्य पहले हो चुके हैं गिरफ्तार या मारे गए

जानकारी के अनुसार, असीम मंडल के दस्ते से जुड़े पांच नक्सलियों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। इनमें एक ने आत्मसमर्पण किया था, जबकि तीन के मारे जाने और अन्य की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस ने दी है। पूर्वी सिंहभूम के नक्सलमुक्त घोषित होने के बाद भी पुलिस अब पुराने नेटवर्क से जुड़े इन वांछित सदस्यों की तलाश कर रही है। पुलिस का लक्ष्य नक्सली नेटवर्क की बची हुई कड़ियों को पूरी तरह खत्म करना है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment