Samachar Post डेस्क, रांची : माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल में दो महिलाओं समेत तीन सक्रिय माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। तीनों पर कुल 26 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में पूर्वी सिंहभूम के पटमदा निवासी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा और बुलू उर्फ गौरी शामिल हैं। आत्मसमर्पण के दौरान राम प्रसाद ने AK-47 राइफल भी सुरक्षा बलों को सौंप दी। संगठन में वह RCM के पद पर सक्रिय बताया जाता है और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
राम प्रसाद की पत्नी मीता भी थी सक्रिय
राम प्रसाद मार्डी की पत्नी मीता उर्फ नयनतारा पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम थाना क्षेत्र के सोनाचूड़ा की रहने वाली बताई गई है। वह माओवादी संगठन में ZCM के रूप में सक्रिय थी। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। राम प्रसाद और मीता के एक साथ आत्मसमर्पण करने को सुरक्षा बलों के अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

बुलू उर्फ गौरी पर एक लाख का इनाम
तीसरी आत्मसमर्पण करने वाली माओवादी बुलू उर्फ गौरी पश्चिम मेदिनीपुर के सालबनी थाना क्षेत्र के करमसोल की रहने वाली बताई गई है। वह मदन महतो की पत्नी है और माओवादी संगठन की सक्रिय कैडर के रूप में काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार, बुलू पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, एक मकान में 54 मतदाताओं के नाम; BJP ने जांच की मांग की
तीनों के सरेंडर से संगठन को झटका
तीन माओवादियों के आत्मसमर्पण से संगठन को नुकसान पहुंचने और सुरक्षा बलों के अभियान को मजबूती मिलने की बात कही जा रही है। खास तौर पर एक महिला कैडर समेत संगठन के पदाधिकारियों के हथियार डालने को अभियान की अहम उपलब्धि माना जा रहा है।सुरक्षा एजेंसियां अब आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से संगठन की गतिविधियों, नेटवर्क और अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटा सकती हैं। आत्मसमर्पण से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सामने आ सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


