Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नेपाल घूमने गए रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती अंकित रंजन और अंकिता चंद्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों यूके से नेपाल यात्रा के लिए पहुंचे थे, लेकिन 26 अगस्त की सुबह से परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन दोनों के सुरक्षित मिलने को लेकर चिंतित हैं। परिवार के मुताबिक, अंकित और अंकिता 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे नेपाल-तिब्बत बॉर्डर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद दोनों से किसी तरह का संपर्क नहीं हो सका। बताया गया है कि दोनों दस्तावेज तैयार कराने के सिलसिले में इमिग्रेशन सेंटर गए थे। इसके बाद उनके फोन पर संपर्क नहीं हो पाया।
छोटे भाई से हुई थी आखिरी बातचीत
अंकित रंजन के छोटे भाई तनय रंजन ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे बड़े भाई से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय अंकित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर में दस्तावेज से संबंधित काम के लिए पहुंचे थे। बातचीत के बाद अंकित और उनकी पत्नी से संपर्क नहीं हो सका। परिवार को जब दोनों के लापता होने की जानकारी मिली तो उनकी तलाश शुरू की गई।

दोनों यूके में इंजीनियर के तौर पर करते हैं काम
परिवार के अनुसार, अंकित रंजन ने वर्ष 2009 में रांची छोड़कर यूके में रहना शुरू किया था। वर्तमान में वह जेपी मॉर्गन में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर हैं। अंकित वर्तमान में यूके के नागरिक बताए गए हैं। अंकित के छोटे भाई तनय रंजन फिलहाल नासिक में रहते हैं।
यह भी पढ़ें : 1 करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल समेत 6 की तलाश तेज, पुलिस ने जारी किए पोस्टर
परिवार को सुरक्षित लौटने की उम्मीद
नेपाल पहुंचने के बाद दोनों के अचानक संपर्क से बाहर हो जाने से परिवार के लोग परेशान हैं। परिजन दोनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनके सकुशल मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। फिलहाल दोनों के लापता होने की परिस्थितियों को लेकर परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। मामले में आगे की जानकारी और दोनों की लोकेशन का पता चलने का इंतजार है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

