सारंडा में कुइली पहाड़ी नदी के तेज बहाव में बहे 3 ग्रामीण, 2 शव बरामद; महिला लापता

Rupa Kumari | August 31, 2026 | 12:38 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिमी सिंहभूम : छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार शाम बारिश के बाद कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव की चपेट में आकर तीन ग्रामीण बह गए। सोमवार तक दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला की तलाश अब भी जारी है। मृतकों की पहचान ग्रामीण मुंडा रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू और उनकी मां के रूप में हुई है। वहीं बोसेन सिद्धू के रिश्तेदार बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू अभी लापता हैं। हादसे में रोया सिद्धू ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है।

अंतिम संस्कार से लौटते वक्त नदी में बहे

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे तीनों ग्रामीण गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी का बहाव इतना तेज था कि तीनों ग्रामीण उसकी चपेट में आ गए और पानी की तेज धार में बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने नदी के आसपास उनकी तलाश शुरू कर दी।

देर रात झाड़ियों में मिला पहला शव

ग्रामीणों ने रविवार देर रात तक नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसी दौरान रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद भी ग्रामीणों ने बाकी दोनों लोगों की तलाश जारी रखी।

सोमवार सुबह बोसेन सिद्धू का शव बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह तलाश के दौरान बोसेन सिद्धू का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। दोनों शव मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें : पुलिस एसोसिएशन से विवाद के बीच जयराम महतो बोले- आप प्रेस कॉन्फ्रेंस करें, हम डेटा जुटा रहे

सुनीता सिद्धू की तलाश अभी जारी

तीसरी लापता महिला सुनीता सिद्धू की तलाश लगातार जारी है। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी किनारे, झाड़ियों और संभावित बहाव वाले इलाकों में खोजबीन की, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव तेज बना हुआ है, जिससे राहत एवं बचाव अभियान में भी परेशानी हो रही है। पुलिस टीम नदी की धारा के साथ-साथ संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में भी सुनीता की तलाश कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें