Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने के बाद युवक ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया और वाहन उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसा रात करीब 10:40 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को ट्रेलर के पहियों के बीच से बाहर निकाला और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी सागर गोप के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
बाइक से साकची जा रहा था युवक, चालक ट्रेलर छोड़कर फरार
जानकारी के अनुसार, सागर गोप बर्मामाइंस से बाइक से साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद सागर बाइक समेत ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया। स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और युवक को बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लोडेड ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार, सागर अपने पिता का इकलौता बेटा था और बर्मामाइंस की एक कंपनी में हेल्पर का काम करता था।

हादसे के बाद करीब एक घंटे तक लगा जाम
दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई भारी वाहन जाम में फंस गए। बर्मामाइंस पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य कराया जा सका। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि यहां भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री रात 11 बजे खुलती है, लेकिन हादसे के समय करीब 10:40 बजे ही ट्रेलर सड़क पर था। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : त्योहारों पर रेलवे की सौगात, 3 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी; हावड़ा-नई दिल्ली समेत इन रूटों पर सुविधा
सुनसुनिया गेट के पास पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसुनिया गेट के आसपास पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने कंपनी से माल अनलोड करने के बाद भारी वाहनों के सड़क किनारे खड़े रहने का भी आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 9 फरवरी को स्टील रोल लदे ट्रेलर और ऑटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के कारण क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है।



















