- कड़सा लोक नृत्य से यात्रियों का सांस्कृतिक स्वागत, एयरपोर्ट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया वंदे मातरम् का सामूहिक गान
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर गुरुवार को यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट परिसर की स्वच्छता को लेकर दो अभियानों की शुरुआत की गई। ‘यात्री सेवा अभियान’ और ‘स्वच्छता ही सेवा’ का शुभारंभ पारंपरिक कड़सा लोक नृत्य की प्रस्तुति और वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ।
अभियान के शुभारंभ के मौके पर आगमन टर्मिनल पर यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने पीतल के कलश, थाली और फूलों के साथ यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद कलाकारों ने ढोल की थाप पर कड़सा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। लोक संस्कृति की इस प्रस्तुति ने यात्रियों और एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

यात्रियों को मिलेगी त्वरित सहायता
कार्यक्रम के बाद दोनों अभियानों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। ‘यात्री सेवा अभियान’ के तहत एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को त्वरित सहायता और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समय पर पूरा करना और एयरपोर्ट पर उनके अनुभव को बेहतर बनाना है।
पूरे परिसर में चलेगा सफाई अभियान
वहीं, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर को साफ और सुंदर बनाए रखने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें परिसर के विभिन्न हिस्सों की नियमित सफाई के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से दोनों अभियानों के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सेवा देने के साथ परिसर में स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर फोकस किया जा रहा है।















