Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में धनबाद ने पिछले साल के मुकाबले 11 पायदान की बढ़त दर्ज करते हुए देशभर में 18वां स्थान हासिल किया है। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले झारखंड के शहरों की श्रेणी में धनबाद को शीर्ष स्थान मिला है। इस उपलब्धि के बाद अब शहर की वायु गुणवत्ता को और बेहतर करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों को तेज करने पर जोर दिया जा रहा है।
स्वच्छ वायु दिवस पर अधिकारियों ने बनाई आगे की रणनीति
बुधवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल में स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीएम, एसडीओ, डीएफओ, सीएसआईआर-सीआईएमएफआर के निदेशक और बीसीसीएल के जीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में कोयलांचल की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए अलग-अलग विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण के लिए आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
कोयला ढुलाई वाले इलाकों में बढ़ेगा धूल नियंत्रण
खनन क्षेत्रों और कोयला परिवहन वाले मार्गों पर धूल कम करने के लिए वाटर स्प्रिंकलर और फॉग कैनन का इस्तेमाल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। कोयला लदे ट्रकों और ट्रॉलियों को पूरी तरह तिरपाल से ढकना अनिवार्य करने की तैयारी है, ताकि परिवहन के दौरान कोयले के कण और धूल हवा में न फैलें। नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की नियमित मैकेनिकल स्वीपिंग कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा सड़क किनारे की कच्ची मिट्टी को पक्का करने और बीसीसीएल के ओवरबर्डन (OB) डंप क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कराने की बात कही गई।

प्रदूषण हॉटस्पॉट पर रियल टाइम निगरानी
बैठक में शहर के प्रवेश मार्गों और औद्योगिक इलाकों के आसपास ग्रीन बफर जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। प्रदूषण हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में रियल टाइम एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। खुले में कचरा जलाने पर जुर्माना लगाने की नीति को भी प्रभावी तरीके से लागू करने पर सहमति बनी। अधिकारियों का कहना है कि वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की लगातार निगरानी से स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
भूली का वार्ड 15 बना जिले का सबसे स्वच्छ वार्ड
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के दौरान भूली के वार्ड 15 को जिले का सबसे स्वच्छ वार्ड चुना गया। बैठक में वार्ड की सफाई व्यवस्था और वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को नगर निगम के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में लगातार पौधारोपण कराया जा रहा है। लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : लोहरदगा में पिता पर जवान बेटे की हत्या का आरोप, कुल्हाड़ी से वार के बाद गांव में हड़कंप

सामूहिक प्रयास से बेहतर होगी शहर की हवा
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद की हवा को स्वच्छ रखने में आम लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ वायु अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। अधिकारियों के मुताबिक, शहर की वायु गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए प्रशासन, औद्योगिक संस्थानों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।














